Vedant Samachar

धूल से परेशान नगरवासी: निर्माणाधीन सड़क पर पानी नहीं, अधिकारियों की अनदेखी से बढ़ी समस्या

Vedant samachar
3 Min Read

पंडरिया, 28 मार्च (वेदांत समाचार)। नगर में इन दिनों निर्माणाधीन सड़क से उड़ रही धूल ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मुंगेली रोड रेहुटा के पास पेट्रोल पंप से रौहा तक करीब तीन किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही और अधिकारियों की अनदेखी के कारण हालात गंभीर होते जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, सड़क पर जिप्सम युक्त गिट्टी बिछाकर छोड़ दिया गया है। वाहनों के आवागमन से गिट्टी में मिला जिप्सम (सीमेंट) धूल बनकर हवा में उड़ रहा है, जो सांस के जरिए लोगों के शरीर में पहुंचकर नुकसान पहुंचा रहा है। वहीं आसपास के घरों में धूल की मोटी परत जम रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा कभी-कभार ही पानी का छिड़काव किया जाता है, वह भी अपर्याप्त मात्रा में। मुंगेली मार्ग पर तो कई दिनों तक पानी नहीं डाला जाता, जबकि निर्माणाधीन सड़क पर दिन में कम से कम दो से तीन बार पानी छिड़काव की आवश्यकता होती है।

नगरवासियों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो निर्माण पूरा होने तक कई लोग, विशेष रूप से दमा के मरीज, गंभीर रूप से प्रभावित हो सकते हैं। साथ ही स्वस्थ लोग भी बीमार पड़ने की आशंका है। धूल के कारण सड़क पर दृश्यता भी कम हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उदासीनता को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। नेशनल हाईवे के एसडीओ ए.आर. पैगवार ने इस संबंध में ठेकेदार से संपर्क करने की बात कही, जबकि निर्माण कार्य देख रहे विक्रम दास द्वारा पिछले दो दिनों से पानी डलवाने का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन शुक्रवार और शनिवार को भी पानी का छिड़काव नहीं किया गया।

समस्या से त्रस्त नगरवासी अब आंदोलन की तैयारी में हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे सड़क जाम करने को मजबूर होंगे।

Share This Article