Vedant Samachar

19 साल के छात्र ने लगाई फांसी, सुसाइड से पहले मोबाइल किया फॉर्मेट…

Vedant Samachar
2 Min Read

एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 19 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि युवक ने आत्महत्या से पहले अपना मोबाइल फोन भी फॉर्मेट कर दिया था, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं। 19 वर्षीय अथर्व विजय देशमुख ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जानकारी के मुताबिक वह अपनी मां के साथ किराए के कमरे में रह रहा था, जबकि उसके पिता अलग जगह रहते हैं। 15 मार्च की शाम करीब साढ़े सात बजे जब उसकी मां किसी काम से घर से बाहर गई हुई थीं, उसी दौरान अथर्व ने किचन में सीट बेल्ट के सहारे फांसी लगा ली।

कुछ समय बाद जब मां वापस लौटीं तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो घबराई मां ने पड़ोसियों को बुलाया। इसके बाद एक युवक खिड़की के रास्ते घर के अंदर गया और दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग हैरान रह गए, क्योंकि अथर्व फांसी के फंदे पर झूल रहा था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फंदा काटकर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच के दौरान पुलिस को एक और चौंकाने वाली बात पता चली कि आत्महत्या से पहले अथर्व ने अपना मोबाइल फोन पूरी तरह फॉर्मेट कर दिया था। इससे मामले को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि अथर्व एक कॉलेज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई कर रहा था। उसके इस कदम से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और माता-पिता गहरे सदमे में हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर ऐसी कौन सी वजह रही जिसके चलते युवक ने इतना बड़ा कदम उठा लिया।

Share This Article