Vedant Samachar

महंगा हुआ हवाई सफर, इंडिगो ने भी बढ़ाया ईंधन शुल्क — इस दिन से लागू होंगी नई दरें…

Vedant Samachar
2 Min Read

नई दिल्ली,14 मार्च। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में तेजी के बीच हवाई सफर महंगा हो गया है। एयर इंडिया के बाद अब इंडिगो ने भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ईंधन शुल्क लगाने का फैसला किया है। एयरलाइन के अनुसार नई दरें 14 मार्च 2026 की रात 12:01 बजे से लागू होंगी, जिसके बाद इंडिगो की फ्लाइट टिकट बुक करने वाले यात्रियों को पहले से ज्यादा किराया देना पड़ेगा।

कंपनी का कहना है कि विमानन ईंधन की बढ़ती कीमतें एयरलाइंस की कुल लागत का बड़ा हिस्सा होती हैं और हालिया बढ़ोतरी से परिचालन खर्च काफी बढ़ गया है, इसलिए अतिरिक्त लागत की भरपाई के लिए टिकट पर ईंधन शुल्क जोड़ा जा रहा है। नई दरों के मुताबिक भारत के अंदर और भारतीय उपमहाद्वीप के रूट पर 425 रुपये, मिडिल ईस्ट के लिए 900 रुपये, दक्षिण-पूर्व एशिया और चीन के लिए 1800 रुपये, अफ्रीका और वेस्ट एशिया के लिए 1800 रुपये तथा यूरोप के लिए 2300 रुपये का अतिरिक्त फ्यूल चार्ज लिया जाएगा। इससे पहले एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी 12 मार्च से घरेलू उड़ानों के टिकट पर 399 रुपये का अतिरिक्त ईंधन शुल्क लगाने की घोषणा की थी, जिसके बाद अब हवाई यात्रा का खर्च और बढ़ गया है।

Share This Article