Vedant Samachar

MP NEWS : सड़क किनारे बाइक के नीचे मिली युवक की लाश, संदिग्ध मौत से इलाके में मचा हड़कंप…

Vedant Samachar
2 Min Read

सिंगरौली,08 मार्च । जिले के सरई थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक युवक का शव उसकी बाइक के नीचे दबा हुआ मिला। घटना निवास चौकी के रजनिया गांव के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान अजय कुमार बैस निवासी खनतरा, थाना मझौली के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने सुबह सड़क किनारे युवक को संदिग्ध हालत में पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक का शव बाइक के नीचे दबा हुआ है।

घटना की स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या या हादसे दोनों ही पहलुओं से जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया, जिसने आसपास के इलाके में सुराग तलाशने की कोशिश की। देवसर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (डीएसपी) गायत्री तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई साजिश है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में चर्चा और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Share This Article