कटनी। बिलासपुर से कोयला लेकर गुजरात के बड़ोदरा जा रही एक मालगाड़ी शनिवार को कटनी जिले में बिलासपुर–बीना रेलखंड पर बेपटरी हो गई। हादसे में मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे ट्रैक पर कोयला बिखर गया और रेल यातायात प्रभावित हो गया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर ट्रैक को दुरुस्त करने और डिब्बों को पटरी पर लाने का कार्य युद्ध स्तर पर कर रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मालगाड़ी बिलासपुर से कोयला लोड कर बड़ोदरा के लिए रवाना हुई थी। शनिवार सुबह करीब 11 बजे जब ट्रेन एनकेजे से कटनी मुड़वारा स्टेशन की ओर बढ़ रही थी, तभी बाबा घाट के पास बने केबिन के नजदीक अचानक तेज धमाके के साथ एक के बाद एक पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। डिब्बों के पटरी से उतरते ही उनमें भरा कोयला ट्रैक पर बिखर गया।
घटना के बाद लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रेन को रोका और इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। मालगाड़ी के बेपटरी होने की खबर मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद कटनी, एनकेजे, जबलपुर और सतना से रेलवे की राहत और तकनीकी टीमें तत्काल मौके पर भेजी गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही जबलपुर मंडल के डीआरएम कमल तलरेजा भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत एवं मरम्मत कार्य की निगरानी शुरू कर दी। रेलवे कर्मचारियों द्वारा पटरी से उतरे डिब्बों को काटकर अलग किया जा रहा है, साथ ही ट्रैक पर बिखरे कोयले को हटाने का काम भी तेजी से किया जा रहा है।

डिब्बों में भरे कोयले को मजदूरों और मशीनों की मदद से खाली कराया जा रहा है, ताकि डिब्बों को पटरी पर चढ़ाने और ट्रैक की मरम्मत का काम जल्द पूरा किया जा सके। रेलवे की तकनीकी टीम ट्रैक की जांच कर उसे दुरुस्त करने में जुटी हुई है।
इस हादसे के कारण बिलासपुर–बीना रेलखंड पर रेल यातायात प्रभावित हो गया है। मुड़वारा से बिलासपुर और शहडोल की ओर जाने वाली कई यात्री ट्रेनें और मालगाड़ियां प्रभावित हुई हैं। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रैक को जल्द से जल्द ठीक कर यातायात बहाल करने के लिए राहत और मरम्मत कार्य लगातार जारी है। अधिकारियों की निगरानी में टीमों द्वारा तेजी से काम किया जा रहा है ताकि रेल सेवाएं सामान्य की जा सकें।
