[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के नए कुलपति बने प्रोफेसर मनोज दयाल…

रायपुर,20 फरवरी(वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ने अपने विशेषाधिकार का उपयोग करते हुए प्रोफेसर मनोज दयाल को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रोफेसर मनोज दयाल वर्तमान में हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में जनसंचार विभाग में कार्यरत हैं। उन्हें शिक्षा, शोध और जनसंचार के क्षेत्र में लंबे अनुभव के आधार पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। अकादमिक और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए उनकी नियुक्ति को विश्वविद्यालय के लिए लाभकारी माना जा रहा है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, कुलपति के रूप में प्रोफेसर दयाल का कार्यकाल, सेवा शर्तें और अधिकार छत्तीसगढ़ कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता-जनसंचार विश्वविद्यालय अधिनियम 2004 तथा इसके संशोधित अधिनियम 2025 के प्रावधानों के तहत निर्धारित होंगे।

नई नियुक्ति से विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में पत्रकारिता और जनसंचार शिक्षा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ किया जाएगा, शोध कार्यों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा विद्यार्थियों को आधुनिक मीडिया परिवेश के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सकेगा।

[metaslider id="133"]