Vedant Samachar

‘गोलमाल’ एक्टर श्रेयस तलपड़े समेत 12 लोगों पर FIR, लाखों की धोखाधड़ी करने का आरोप

Vedant Samachar
3 Min Read

मुंबई : ‘गोलमाल’, ‘ओम शांति ओम’, ‘इकबाल’ समेत और भी कई बेहतरीन फिल्मों के जरिए लोगों का मनोरंजन करने वाले एक्टर श्रेयस तलपड़े को लेकर खबर है कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज की है. कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने एक्शन लिया और श्रेयस समेत 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. उन सभी पर आरोप है कि उन्होंने लोगों को अच्छा रिटर्न मिलने का भरोसा देकर उनके पैसे निवेश करवाए, लेकिन लोगों को पैसे वापस मिले ही नहीं.

ये मामला उत्तर प्रदेश के मैनपुरी का है. मैनपुरी के भोगांव पुलिस स्टेशन में श्रेयस तलपड़े के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. भोगांव के मोहल्ला मिश्राना के एक निवासी ने श्रेयस तलपड़े और उनके साथियों पर निवेश के बहाने लाखों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है. आरोप है कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर मिश्राना में स्थित मुंबई के एक बैंक की शाखा में निवेश के बहाने ग्रामीणों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की.

श्रेयस तलपड़े के अलावा ये नाम शामिल
शिकायतकर्ता का आरोप है कि ये भरोसा दिलाया गया था कि निवेश पर अच्छा रिटर्न मिलेगा, लेकिन पैसे वापस मिले ही नहीं. उसके बाद मामला कोर्ट पहुंचा. अब कोर्ट के निर्देश पर पुलिस इस मामले की जांच में जुट चुकी है. 10 फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई है. वहीं श्रेयस के अलावा और जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, उनके नाम हैं- सानिया अग्रवाल, आरके सेट्टी फंड मैनेजर, समीर अग्रवाल, संजय मुदगिल, शबाब हुसैन, पंकज अग्रवाल, नरेंद्र नेगी, सुप्रिया, अजय श्रीवास्तव, अरविंद त्रिपाठी और अनुज जैन.

सैकड़ों लोगों ने किया था निवेश
मिश्राना में बैंक की शाखा साल 2015 में खोली गई थी. आरोप है कि सैकड़ों लोगों ने अच्छा रिटर्न पाने के नाम पर अपने पैसे निवेश किए थे, लेकिन उनके साथ धोखाधड़ी हुई. ये भी आरोप है कि पैसे मांगने पर समीर नाम के व्यक्ति ने झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी. फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. देखना होगा कि जांच में क्या कुछ सामने निकलकर आता है.

Share This Article