[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

हाथियों को भाया मेरऊ पहाड़, काफी दिनों से डाले हैं डेरा

कोरबा ,31 जनवरी (वेदांत समाचार)। कटघोरा वनमंडल में मौजूद 49 हाथियों को जटगा वन परिक्षेत्र का मेरऊ पहाड़ काफी पसंद आ गया है। बांस एवं अन्य जंगली पौधों से आच्छांदित पहाड़ पर हाथियों को पर्याप्त मात्रा में चारा मिलने तथा पहाड़ पर ही कटोरी तालाब में पीने का पर्याप्त पानी होने की वजह से हाथियों ने यहां लंबे समय से डेरा डाल रखा है। हाथी रात भर अलग-अलग झुंडों में पहाड़ पर विचरण करते रहते हैं और सुबह होने से पहले एक स्थान पर एकत्रित होकर विश्राम करने लगते हैं।

यह सिलसिला प्रतिदिन चलता है। हाथियों के काफी दिनों से पहाड़ पर होने के कारण वन विभाग की परेशानी कुछ कम हुई है फिर भी विभाग ड्रोन कैमरे व मैदानी अमले के जरिए लगातार हाथियों की निगरानी में लगी हुई है। हाथियों के हर गतिविधियों क जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार दी जा रही है। इधर कोरबा वनमंडल के कुदमुरा रेंज में धरमजयगढ़ क्षेत्र से एक लोनर हाथी बीती रात दस्तक हो गई। लोनर हाथी ने रेंज के गीतकुंआरी गांव में एक ग्रामीण के बाड़ी में प्रवेश कर वहां लगे सब्जी के पौधों को तहस-नहस कर दिया। तत्पश्चात् फतेहपुर व गीतकुंआरी के बीच स्थित जंगल में जाकर विश्राम करने लगा है।

कुदमुरा रेंजर बी.एस.पैकरा ने बताया है कि लोनर हाथी की निगरानी लगातार की जा रही है। गीतकुंआरी व आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है। इससे पहले हाटी क्षेत्र से एक अन्य लोनर हाथी चचिया क्षेत्र में भी पहुंचा था और यहां एक ग्रामीण के बाड़ी को उजाडऩे के बाद वापस लौट गया था। इस बीच 15 हाथियों की उपस्थिति पसरखेत रेंज के केराकछार में लगातार बनी हुई है।

[metaslider id="133"]