[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

KORBA: पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की समीक्षा

कोरबा, 23 जनवरी 2026। जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने विद्युत विभाग के अधिकारियों, बैंकर्स एवं अधिकृत वेंडर्स की समीक्षा बैठक ली। बैठक में योजना की जमीनी प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने इसे केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से आम नागरिकों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, बैंकर्स और वेंडर्स को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यप्रणाली में प्रोफेशनल अप्रोच अपनाकर तेजी से प्रगति लाने पर जोर दिया।

उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक नागरिकों को योजना से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इसके लिए वार्डवार कार्यक्रम तय कर शिविर आयोजित करने तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आमजन को योजना के लाभों की जानकारी देने को कहा। कलेक्टर ने वेंडर्स को सोलर प्लांट इंस्टालेशन की गति बढ़ाने, आवश्यक सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, मटेरियल डंपिंग बढ़ाने और फील्ड इंजीनियरों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने शासकीय भवनों जैसे स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, आश्रम-छात्रावास एवं जल जीवन मिशन से जुड़े भवनों में पीएम सूर्यघर योजना अंतर्गत सोलर प्लांट स्थापना के आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियंताओं को लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा करने, अनावश्यक विलंब रोकने तथा स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर प्लांट इंस्टालेशन में तेजी लाने को कहा। साथ ही ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

[metaslider id="133"]