Vedant Samachar

Accident News:तेज रफ्तार बोलेरो खड़ी ट्रक से टकराई, तीन गंभीर घायल

Vedant samachar
2 Min Read

जशपुर, 08 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर भाटामुड़ा के पास बीती रात करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़ी ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोग वाहन के अंदर ही बुरी तरह फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल पत्थलगांव भेजा गया, जहां तीनों का इलाज जारी है। हादसे में बोलेरो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो चालक शराब के नशे में था और वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। बोलेरो में सवार घायलों की पहचान करूमहुआ निवासी गंगा सिदार, चालक विलास ठाकुर तथा पीछे बैठे युवक राधापुर निवासी के रूप में हुई है। बताया गया कि बोलेरो वाहन करूमहुआ निवासी फिलिम खलखो का है।

जानकारी के मुताबिक बोलेरो सवार करूमहुआ से पत्थलगांव गए थे और देर रात वापस लौट रहे थे। इसी दौरान भाटामुड़ा पुलिया के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रक से उनकी गाड़ी टकरा गई। बताया गया कि ट्रक पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी और चालक चक्का बदल रहा था।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article