Vedant Samachar

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सेवायात्रा के दो वर्ष पूरे होने पर जनता के नाम संदेश साझा किया

Vedant samachar
3 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी सेवायात्रा के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रदेशवासियों के नाम भावनात्मक संदेश साझा किया। उन्होंने इन दो वर्षों को अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्ष बताते हुए कहा कि यह अवधि केवल शासन की नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण की रही है।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि इन दो वर्षों में सरकार ने छत्तीसगढ़ के हर कोने में विकास का दीप जलाने का प्रयास किया है। किसानों की मेहनत को सम्मान देने के लिए सुविधाएं बढ़ाई गईं, ताकि उन्हें अपनी उपज का पूरा मूल्य समय पर मिल सके। युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाने के लिए नई भर्तियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और औद्योगिक अवसरों के द्वार खोले गए।

उन्होंने आदिवासी अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे उन क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंची है, जहां पहले उम्मीदें धुंधली थीं। वहीं, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए उठाए गए कदमों से हर घर में आत्मविश्वास और स्वावलंबन का वातावरण बना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे बड़ा परिवर्तन यह है कि अब शासन जनता के द्वार तक पहुंच रहा है। प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी कम होकर सहभागिता में बदल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ आज भरोसे और स्थिरता के एक नए अध्याय की ओर अग्रसर है।

भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आने वाले वर्षों में शिक्षा, रोजगार, कृषि और ग्रामीण विकास पर और अधिक तेज गति से काम किया जाएगा। लक्ष्य एक आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण है, जहां हर युवा को अवसर, किसान को गर्व और प्रत्येक नागरिक को यह विश्वास हो कि उसका शासन उसके साथ खड़ा है।

अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से विकास यात्रा में सुझाव, परिश्रम और विश्वास के साथ सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि जनता की आस्था ही सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है और सहयोग से ही छत्तीसगढ़ का सुनहरा भविष्य सुनिश्चित होगा।

Share This Article