Vedant Samachar

कोरबा ब्रेकिंग: घंटाघर मैदान में स्टंटबाजी पर पुलिस का शिकंजा, थार समेत कई वाहनों पर केस दर्ज

Vedant samachar
2 Min Read

0.खतरनाक ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, एक वाहन जप्त, अन्य की तलाश जारी

कोरबा, 20 मार्च 2026। जिले में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए लापरवाहीपूर्वक एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में स्टंटबाजी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 मार्च को दोपहर करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच घंटाघर ओपन थिएटर मैदान में कुछ युवक तेज गति और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहे थे। इस दौरान वहां मौजूद लोगों के लिए दुर्घटना की आशंका पैदा हो गई थी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किया।

थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 236/2026 के तहत धारा 281, 3(5) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान चार वाहनों—स्कॉर्पियो (CG 11 AA 6166), बोलेरो (CG 12 BJ 2975), स्विफ्ट (CG 12 BF 3890) और थार (CG 04 NG 8300)—के चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस ने वाहन मालिक का पता लगाकर थार (CG 04 NG 8300) को जप्त कर लिया है, जबकि अन्य वाहनों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी वाहनों की जप्ती के बाद मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की लापरवाही और स्टंटबाजी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध या खतरनाक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Share This Article