Vedant Samachar

हिर्री पुलिस को बड़ी सफलता : टायर चोरी करने वाले दो आरोपी जशपुर जाते रास्ते में गिरफ्तार, 2.80 लाख के 8 टायर बरामद

Vedant samachar
2 Min Read

बिलासपुर, 12 दिसंबर (वेदांत समाचार)। हिर्री पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए महज कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी गए 2 लाख 80 हजार रुपये मूल्य के 8 ट्रेलर टायर बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पूरा मामला 11 दिसंबर 2025 का है, जब प्रार्थी दुर्गा प्रसाद निवासी शिव मंदिर के पास सरकंडा, बिलासपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके ट्रेलर क्रमांक CG 10 BL 5084 और CG 10 BL 5081, जिन्हें क्रमशः चालक राजीव कुमार उर्फ आकाश यादव और अरुण कुमार यादव चला रहे थे, भोजपुरी टोल प्लाजा के पास कौशिक ढाबा के सामने खड़े थे। प्रार्थी ने GPS के माध्यम से लोकेशन देखी और सुबह 7–8 बजे मौके पर पहुंचने पर पाया कि दोनों ट्रेलरों से कुल 8 टायर मय डिस्क चोरी हो चुके हैं।

रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, जिसमें पता चला कि आरोपी राजीव कुमार यादव उर्फ आकाश चोरी किए गए टायरों को पिकअप वाहन क्रमांक JH 07 L 8763 में लोड कर जशपुर की ओर ले जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना हिर्री की टीम ने पत्थलगांव क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी राजीव और उसके साथी अरुण कुमार यादव को हिरासत में ले लिया।

दोनों आरोपियों—

  1. अरुण कुमार यादव, पिता शिवचरण यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी महुलियाटांड़, थाना कौवाकोल, जिला नवादा (बिहार)
  2. राजीव उर्फ आकाश यादव, पिता सुरेश यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी बदाही, थाना खैरा, जिला जमुई (बिहार)

—के विरुद्ध पर्याप्त सबूत मिलने पर 12 दिसंबर 2025 को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

हिर्री पुलिस की तत्परता और सटीक तकनीकी जांच के कारण चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा हो सका और भारी-भरकम टायर चोरी के इस मामले में अहम सफलता मिली है।

Share This Article