कोरबा : नहाते वक्त 10वीं का छात्र डूबा हसदेव नदी में, परिवार के साथ गया था पिकनिक मनाने…तलाश जारी

कोरबा। जिले के दीपका क्षेत्रअंतर्गत रविवार को 10वीं का छात्र आयुष्मान हसदेव नदी में डूब गया। आयुष्मान का परिवार कोरबा जिले के दीपका इलाके के परम मित्र नगर बतारी का रहने वाला है। आयुष्मान कोरबा के ही इंडस पब्लिक स्कूल में पढ़ता था। उसके पिता मारुति क्लीन कोल एंड पॉवर लिमिटेड में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। आयुष्मान के डूबने के बाद से ही उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर है। उसका सोमवार दोपहर तक कुछ पता नहीं चल सका है। SDRF की टीम पिछले 22 घंटे से उसकी तलाश कर रही है। लड़का परिवार के साथ पिकनिक मनाने के लिए देवरी पिकनिक स्पॉट में गया था। नहाते वक्त पत्थर में पैर फंसने उसके डूबने की आशंका जताई गई है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार को कोरबा के दीपका इलाके से आयुष्मान सिंह(15) पिता अशोक प्रवीण सिंह अपने परिवार के साथ जांजगीर जिले के देवरी पिकनिक स्पॉट में पिकनिक मनाने गया था। दोपहर को करीब 1 से 2 बजे के बीच आयुष्मान अपने परिवार के कुछ लोगों के साथ नहाने के लिए नदी में गया था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल सका है।

आयुष्मान के परिजनों के मुताबिक वह पानी में कैसे डूब गया कुछ पता नहीं। साथ में नहाने गए कुछ और लोगों ने आयुष्मान के डूबने की जानकारी परिजनों को दी थी। जिसके बाद पुलिस की टीम को सूचना दी गई। फिर करीब 3 बजे के बाद SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की टीम मौके पर पहुंची। तब से आयुष्मान का पता लगाया है जा रहा है। एसडीआरएफ की टीम रविवार देर शाम तक उसकी तलाश करती रही थी। मगर आयुष्मान का कुछ पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह से एसडीआरएफ की टीम फिर से उसकी तलाश कर रही है।