Vedant Samachar

CG NEWS : नाबालिग से शादी का झांसा देकर अनाचार करने वाला आरोपी गिरफ्तार…

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 11 दिसंबर (वेदांत समाचार)। अकलतरा थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को शादी का धोखा देकर अनाचार करने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला गंभीर होने पर पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार आरोपी धीरेन्द्र रात्रे (19 वर्ष), निवासी भलपहरी थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा, नाबालिग को बहला-फुसलाकर लेकर गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार किया। बालिका ने साहस जुटाकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद 09 दिसंबर को अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

आरोपी नाबालिग को वीडियो वायरल करने की धमकी भी देता था, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से दबाव में थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन एवं पीड़िता को भगाने में उपयोग की गई मोटरसाइकिल जब्त की है।

नाबालिग पर हुए इस गंभीर अपराध को तत्काल संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय पाण्डेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं अकलतरा SDOP प्रदीप सोरी के मार्गदर्शन में टीम गठित कर आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

आरोपी के खिलाफ धारा 137(2), 64(2)M, 65(1), 87 BNS, तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 एवं आईटी एक्ट की धारा 67(क), 67(ख) के तहत कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, म.प्र.आर. स्वाती गिरोलकर और आरक्षक राजा रात्रे का उल्लेखनीय योगदान रहा।

Share This Article