Vedant Samachar

हरदीबाजार में फिर CBI की दबिश, SECL के मलगांव मुआवजा घोटाले से जुड़ा मामला

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 08 जनवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कोयलांचल क्षेत्र हरदीबाजार में एक बार फिर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की दबिश से हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) से जुड़े बहुचर्चित मलगांव मुआवजा घोटाले के सिलसिले में की जा रही है। CBI की इस कार्रवाई के बाद फर्जी तरीके से मुआवजा लेने वाले सरकारी कर्मचारियों और संबंधित लोगों में खलबली मची हुई है।

गुरुवार सुबह CBI की टीम हरदीबाजार थाना क्षेत्र में पहुंची और कई स्थानों पर दबिश देकर दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। सूत्रों के अनुसार, SECL क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास के नाम पर मुआवजा प्रकरणों को गलत तरीके से तैयार कर सरकारी राशि की निकासी किए जाने की शिकायत लंबे समय से सामने आ रही थी। इसी शिकायत के आधार पर CBI पिछले करीब एक वर्ष से इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जांच के दौरान यह आशंका जताई जा रही है कि कुछ अधिकारियों, कर्मचारियों और बिचौलियों की मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर मुआवजे की राशि हड़पी गई। CBI की मौजूदा कार्रवाई को इसी कड़ी का अहम हिस्सा माना जा रहा है। टीम ने कई अहम कागजात खंगाले हैं और संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

CBI की दबिश के बाद पूरे कोयलांचल क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म है। अवैध तरीके से मुआवजे की रकम हासिल करने वालों में डर और चिंता साफ देखी जा रही है। जांच एजेंसी की कार्रवाई अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article