जनता कांग्रेस ने किया चुनावी वादा, बीरगांव में उद्योगपतियों से वसूलेंगे 100 करोड़ टैक्स; आम आदमी को मिलेगी फ्री सुविधा…

दुर्ग12 दिसम्बर(वेदांत समाचार)। बीरगांव में निकाय चुनाव तारीख के करीब आते ही कई तरह के दावे और वादे सामने आ रहे हैं। इस इलाके में जनता कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की पत्नी ऋचा जोगी ने चुनावी दौरा किया। उन्होंने बीरगांव के वार्डों में जाकर महापौर प्रत्याशी एवज देवांगन के लिए प्रचार भी किया। ऋचा जोगी ने कहा बीरगांव से जोगी परिवार का बरसों पुराना रिश्ता है, स्वर्गीय अजीत जोगी बीरगांव को विकास की मुख्यधारा में जोड़ना चाहते थे।

इस सियासी दौरे में एक चौंकाने वाला वादा भी जनता कांग्रेस ने लोगों से किया। जनता से पार्टी ने कहा है कि वो इस इंडस्ट्रियल इलाके से कारोबारियों से 100 करोड़ का टैक्स वसूलेंगे। आम आदमी को निगम को टैक्स नहीं देना होगा, जनता का कर माफ किया जाएगा। बिना किसी टैक्स के लोगों को सुविधाएं दी जाएंगी।

इस दौरान पार्टी के नेता डॉ ओम प्रकाश देवांगन ने कहा बीरगांव की जनता के डूबे हुई करोड़ों रुपए चिटफंड कंपनियों के पास हैं। यहां के लोगों को चवन्नी भी नहीं मिली। कांग्रेस ने इन रुपयों को दिलाने का वादा किया था। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता भगवानू नायक ने कहा कि स्थानी स्तर पर जनता कांग्रेस जैसी स्थानीय पार्टी लोगों की समस्याओं का समाधान करेगी। अजीत जोगी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप साहू ने बताया कि पूरे इलाके में जनता कांग्रेस का झंडा बुलंद होगा।