बेमेतरा, 08 दिसंबर 2025। बेमेतरा पुलिस ने खम्हरिया क्षेत्र में तांबे के पाइप चोरी करने वाले आरोपी को पकड़कर बड़ी सफलता हासिल की है। शिकायतकर्ता संदीप कुमार ताम्रकार ने सुबह 8:30 बजे पुलिस को बताया कि उनके घर में लगी आइस मशीन से गैस रिसने की तेज आवाज सुनकर वे बाहर निकले। पीछे जाकर देखा तो मशीन की तांबे की पाइपलाइन टूटी हुई थी और गैस निकल रही थी। नीचे बनी सीमेंट टंकी में वार्ड 13 निवासी उत्तम सिन्हा छिपा हुआ मिला, जिसके हाथ में मशीन से तोड़े गए तांबे के पाइप थे। चोरी की इस हरकत से मशीन को करीब 25 हजार रुपये का नुकसान पहुंचा।
शिकायत पर पुलिस ने आरोपी उत्तम सिन्हा के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 08 तांबे के पाइप और एक लोहे का रॉड बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस मामले में खम्हरिया थाना प्रभारी और उनकी टीम की त्वरित कार्रवाई महत्वपूर्ण रही। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में चोरी जैसी घटनाओं पर सख्ती से लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।



