Vedant Samachar

डिप्टी सीएम शर्मा ने कवर्धा के गौरव पथ निर्माण का किया भूमिपूजन

Vedant samachar
5 Min Read

10.73 करोड़ की लागत से राजनांदगांव बायपास से नवीन बाजार तक बनेगा गौरव पथ

कवर्धा ,08दिसंबर(वेदांत समाचार) । कवर्धा शहर के विकास को नई ऊँचाई देते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को 10 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बहुप्रतिक्षित राजनांदगांव बायपास (पिलारी नहर) से नवीन बाजार तक गौरव पथ निर्माण का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय भी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि गौरव पथ केवल एक सड़क नहीं, बल्कि कवर्धा शहर के भविष्य को गति देने वाला विकास का मार्ग है। लोहारा रोड बायपास से नवीन बाजार तक बनने वाला यह मार्ग शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाएगा और शहर की सुंदरता को नई चमक देगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और सांसद संतोष पाण्डेय के प्रयासों से कवर्धा को मिली यह सौगात आने वाले वर्षों में शहर के समग्र विकास की सबसे मजबूत नींव साबित होगी।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सांसद संतोष पाण्डेय के अथक प्रयासों से गौरव पथ निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि कवर्धा शहर में दो आधुनिक चौपाटियों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही भारत माता चौक से समनापुर तक 2 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि रायपुर, बिलासपुर एवं राजनांदगांव से कवर्धा आने वाले प्रवेश मार्ग का चौड़ीकरण तथा इसे फोर-लेन डिवाइडर युक्त सड़क के रूप में विकसित करने हेतु 54 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। नया बस स्टैंड एवं मेडिकल कॉलेज को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए घोटिया रोड सहित गौरव पथ के दोनों मार्गों का उन्नयन किया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के सभी हिस्सों में संतुलित एवं व्यापक विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। स्वच्छता के क्षेत्र में जनसहयोग आवश्यक है। प्रत्येक वार्ड और हर गली को स्वच्छ बनाने के लिए जनजागरण तथा सामुदायिक सहयोग अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। एस.आई.आर. के संबंध में उन्होंने कहा कि इस कार्य में सभी का सजग रहकर सहयोग करना आवश्यक है।

सांसद संतोष पाण्डेय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वास्तव में आज कवर्धा शहर अभूतपूर्व विकास की दिशा में अग्रसर है। शहर में अटल परिसर का निर्माण, हनुमान जी का निर्धारित स्थल, बनने वाली आधुनिक चौपाटी, चमचमाती सड़कों का जाल, तथा मेडिकल कॉलेज को जोड़ने वाला बाईपास, ये सभी कवर्धा के लिए बड़ी उपलब्धियां हैं, जो नई सरकार के गठन के बाद संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज गौरव पथ का भूमि पूजन संपन्न हुआ है, और कल से निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा। यह कवर्धा के समग्र विकास में ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा। सांसद पाण्डेय ने कहा कि स्वामी करपात्री महाराज, शंकराचार्य का भी इस पवित्र कवर्धा धरा को आशीर्वाद प्राप्त है।

10 करोड़ 73 लाख की लागत से बनेगी गौरवपथ
कवर्धा शहर में 10 करोड़ 73 लाख रू. की लागत से गौरवपथ का निर्माण किया जाएगा। कबीरधाम जिले में बनने वाले इस पहले गौरव पथ की लंबाई करीब 2 किलोमीटर से अधिक होगी। राजनांदगांव बायपास से पिलारी नहर होते हुए यह नवीन बाजार तक जुड़ेगी। इससे रामनगर वार्ड शिवाजी कॉलोनी, रामनगर, शांतिदीप कॉलोनी और नवीन बाजार के रहवासियों को लाभ होगा।

यह परियोजना कवर्धा को एक विकसित, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इस अवसर पर अध्यक्ष कृषक कल्याण बोर्ड सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, राजेन्द्र चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, अशोक साहू, पूर्व विधायक सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुमार भट्ट, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुष्मा बघेल, अनिल सिंह ठाकुर एवं श्रीमती सतविंदर पाहुजा, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल एवं नागरिक उपस्थित थे।

Share This Article