Vedant Samachar

पिपरिया से लौटते समय स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, पसान रेंजर मनीष सिंह गंभीर रूप से घायल

Vedant samachar
1 Min Read

पसान (कोरबा), 07 दिसंबर । पसान थाना क्षेत्र में आज भोर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पिपरिया क्षेत्र में हाथी की सूचना पर निरीक्षण के लिए पहुंचे वन विभाग के अधिकारी लौट रहे थे, तभी अचानक उनका वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक बड़े पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कार्पियो वाहन का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में पसान रेंजर मनीष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उनकी मदद करते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग के अधिकारी भी स्थल पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे का कारण वाहन का अचानक अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Share This Article