बिलासपुर, 06 दिसंबर 2025। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु जिले के विभिन्न ब्लैक स्पॉट का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण में पुलिस मुख्यालय रायपुर के सहायक पुलिस महानिरीक्षक संजय शर्मा भी शामिल हुए।
यातायात पुलिस द्वारा मस्तूरी बायपास तिराहा, सेंदरी तिराहा और भदौरा चौक जैसे प्रमुख ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया गया। टीम ने सेंदरी तिराहा और भदौरा चौक में अंडर ब्रिज निर्माण की आवश्यकता जताई, वहीं मस्तूरी बायपास तिराहा में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और रंबल स्ट्रिप लगाने का सुझाव दिया गया। साथ ही हाईवे से जुड़े अन्य मार्गों के पास भी अंडर ब्रिज की जरूरत पर बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान हाईवे पेट्रोलिंग टीम को महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। टीम को हमेशा फर्स्ट एड बॉक्स साथ रखने, मुख्य मार्ग पर खड़े भारी वाहनों को तुरंत हटाने और लापरवाही बरतने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करने संबंधी निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही सड़क दुर्घटना के घायलों को सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाने और दुर्घटना स्थल को सुरक्षित रखने संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया।
ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में चारों कोनों से अतिक्रमण हटाने, झाड़ियां काटने, ठेले-खोमचे व्यवस्थित करने तथा दृश्यता बढ़ाने के सुझाव भी दिए गए। स्पीड लिमिट, कनेक्टिंग मार्ग, ‘गो स्लो’ संकेतक बोर्ड, रंबल स्ट्रिप और मल्टीपल ब्रेकर लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सके।
यातायात पुलिस द्वारा सभी बिंदुओं का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित विभागों को भेज दिया गया है, जिससे सुधारात्मक कार्य जल्द शुरू कर ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों को दुर्घटनामुक्त बनाया जा सके।



