बलौदाबाजार, 06 दिसंबर(वेदांत समाचार)। जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने अंतरजिला मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 10 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
जांच में सामने आया कि गिरोह लंबे समय से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ-साथ रायपुर जिले में भी बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। चोरी के बाद आरोपी मोटरसाइकिल का नंबर प्लेट बदल देते थे, इंजन और चेसिस नंबर मिटाकर उसकी पहचान छुपा देते थे और बाद में उसे बेच देते थे। इतना ही नहीं, गाड़ी को पहचान से दूर रखने के लिए वाइजर और मडगार्ड बदलने के साथ-साथ रेडियम से नया नाम लिखवाकर उसे पूरी तरह अलग रूप दे दिया जाता था।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों के विरुद्ध पहले भी मोटरसाइकिल चोरी के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा चोरी की बाइक खरीदने वाले लोगों की जानकारी भी पुलिस जुटा रही है, जिन पर आगे कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में टिकेश्वर उर्फ राजा यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम हिरमी थाना सुहेला, योगेश यादव उर्फ सर्किट (18 वर्ष), निवासी कुम्हारपारा रामसागर वार्ड भाटापारा, भानु वर्मा (19 वर्ष), निवासी ग्राम अर्जुनी थाना भाटापारा ग्रामीण और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।
पुलिस का मानना है कि गिरोह के सक्रिय होने से दोनों जिलों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही थी। बड़ी संख्या में चोरी की मोटरसाइकिल बरामद होने के बाद पुलिस अब उन सभी मामलों को भी जोड़ने की कोशिश कर रही है, जिनमें अभी तक आरोपी अज्ञात थे।
