CG ACCIDENT : मुंडन संस्कार कर लौट रहे परिवार हुए हादसे का शिकार, 2 बच्चे सहित 11 घायल और 1 की हुई मौत

धमतरी। जिले में रविवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ है। पिकअप पलटने के कारण, वाहन में सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 2 बच्चे भी शामिल हैं। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा बालोद चौकी क्षेत्र के ग्राम पलारी के पास हुआ है।

मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्ग जिले के ग्राम केलाबाड़ी से मुंडन संस्कार के लिए एक ही परिवार के कुछ लोग धमतरी के गंगरेल बांध आए थे। यहां से रविवार देर शाम सभी लोग एक पिकअप में सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी बीच रात करीब 9 बजे पलारी गांव के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले गए।

उपचार के दौरान बंसीलाल मेश्राम (40) की मौत हो गई। जबकि प्रीति बाई क्षत्री, साक्षी यादव, शांति बाई, प्रभु डोंगरे, दुर्गा बाई डोंगरे, दुर्गा प्रशाद यादव, संतोष क्षत्री, रितेश साहू, मिथलेश साहू, त्रिवेणी और सरोज क्षत्री घायल हैं।