कोरबा, 28 नवम्बर (वेदांत समाचार) I राजस्व रिकार्ड दुरूस्त नहीं रखने पर सुतर्रा के पटवारी हरि किशन व तुमान के पटवारी संतोष तिवारी को नोटिस जारी किया है। कलेक्टर अजीत वसंत ने तहसील कार्यालय पोड़ी-उपरोड़ा का निरीक्षण किया।
इस दौरान तहसीलदार व नायब तहसीलदार के न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की विस्तृत जानकारी ली। चलित नस्ती और न्यायिक अभिलेखों के संधारण की स्थिति का अवलोकन किया। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों जैसे नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार, सीमांकन का समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने कहा।
कलेक्टर ने कानूनगो शाखा, डब्ल्यूबीएन शाखा, रिकॉर्ड रूम, स्थापना शाखा सहित अन्य महत्वपूर्ण अनुभागों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पटवारियों की संधारित नस्तियों की जांच कर अभिलेखों की शुद्धता एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव पर जोर दिया। कलेक्टर ने कर्मचारियों से उनके वेतनमान और सेवा संबंधी विवरण की जानकारी ली तथा जरूरत अनुसार सुधारात्मक सुझाव दिए।
निरीक्षण के दौरान अभिलेख दुरस्त नहीं पाये जाने पर कलेक्टर ने सुतर्रा के पटवारी हरि किशन और तुमान के पटवारी संतोष तिवारी को नोटिस जारी करने कहा। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व सेवाओं की पारदर्शिता और गति बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए नियमित निरीक्षण और प्रक्रियाओं के सुव्यवस्थित क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पोड़ी-उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार बंजारे, तहसीलदार उपस्थित थे।



