रायपुर,28 नवम्बर (वेदांत समाचार)। राजधानी में एक बार फिर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली एचडीएफसी बैंक की महिला कर्मचारी मोनालिसा पाटनी साइबर ठगों का शिकार हो गईं। ठग ने उन्हें पार्सल डिलीवरी का झांसा देकर एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही न केवल उनका फोन हैक हो गया, बल्कि खाते से ₹84,968 की रकम भी उड़ा ली गई।
शिकायत में मोनालिसा पाटनी ने बताया कि 5 नवंबर की रात उन्हें एक अज्ञात नंबर से संदेश मिला, जिसमें लिखा था कि उनके पार्सल की डिलीवरी का “अंतिम मौका” है। मैसेज के साथ एक लिंक भी भेजा गया था। चूंकि उनका एक कोरियर आने वाला था, इसलिए उन्होंने उस लिंक पर क्लिक कर दिया।
लिंक खुलते ही ₹25 भुगतान का विकल्प सामने आया। उन्होंने क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही प्रक्रिया पूरी हुई, उनका मोबाइल अचानक हैंग हो गया। कुछ ही मिनटों में खाते से लगातार ट्रांजेक्शन मैसेज आने लगे और कुल ₹84,968 की राशि डेबिट हो गई।
घटना का एहसास होते ही मोनालिसा ने तुरंत एचडीएफसी बैंक के टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर अपना क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग बंद करवाया तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 26 नवंबर को सिविल लाइन थाने पहुंचकर अज्ञात नंबर के खिलाफ FIR दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि ठगी में प्रयुक्त मोबाइल नंबर किसका है और ट्रांसफर की गई राशि किस खाते में गई है। पुलिस साइबर टीम की मदद से लिंक के स्रोत और लेनदेन के लोकेशन की भी जांच कर रही है।



