Vedant Samachar

SIR Verification: BLO द्वारा फॉर्म जमा हुआ या नहीं ? ऐसे कर सकते है ऑनलाइन चेक

Vedant samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,26नवंबर: देश के 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) की प्रक्रिया जारी है। यह अभियान 4 नवंबर 2025 को फॉर्म वितरण के साथ शुरू हुआ था और अब इसके समापन में कुछ ही दिन शेष हैं। एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना, नए योग्य मतदाताओं को शामिल करना, गलत जानकारी को दुरुस्त करना और फर्जी प्रविष्टियों को हटाना है। आयोग के अनुसार, यह प्रक्रिया इस बार ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से संचालित की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इससे जुड़ सकें।

अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। वे अपने पास उपलब्ध अपडेटेड लिस्ट के आधार पर वोटरों की पहचान, पता, आयु, नाम की स्पेलिंग और अन्य सूचनाओं की पुष्टि कर रहे हैं। जिन मतदाताओं ने ऑफलाइन फॉर्म भरा है, उनके लिए यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि संबंधित बीएलओ ने उनका फॉर्म ऑनलाइन पोर्टल पर सबमिट किया है या नहीं। आयोग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे इस स्थिति की पुष्टि समय रहते कर लें।

बीएलओ ने फॉर्म सबमिट किया है या नहीं, इसकी जांच करने के लिए मतदाता आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर लॉग इन किया जा सकता है। वेबसाइट के एसआईआर 2026 सेक्शन में फिल एन्यूमरेशन फॉर्म विकल्प मौजूद है। यहां रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी या ईपीआईसी नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से लॉग इन करना होगा। यदि बीएलओ ने फॉर्म जमा कर दिया है, तो स्क्रीन पर इसकी पुष्टि का संदेश दिखाई देगा। यदि संदेश प्राप्त नहीं होता है, तो संबंधित बीएलओ से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

स्कूल का सामान

चुनाव आयोग ने ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। यदि कोई मतदाता ऑफलाइन प्रक्रिया में शामिल नहीं होना चाहता, तो वह स्वयं मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से फॉर्म भर सकता है। इसके लिए मोबाइल नंबर का वोटर कार्ड से लिंक होना आवश्यक है। फिल एन्यूमरेशन फॉर्म पर क्लिक कर राज्य का चयन, ईपीआईसी नंबर और व्यक्तिगत विवरण सत्यापित करने के बाद आवेदन पूरा किया जा सकता है।

ऑनलाइन आवेदन के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है और यह वोटर आईडी से लिंक होना चाहिए। दोनों दस्तावेजों में नाम समान होना जरूरी है, अन्यथा आवेदन लंबित रह सकता है। आयोग का कहना है कि एसआईआर प्रक्रिया लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए नागरिक समय पर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्वाचन सूची से संबंधित जानकारी की जांच करते हुए सक्रिय रूप से सहयोग करें, ताकि आगामी चुनाव पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकें।

Share This Article