Vedant Samachar

महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन दिवस पर मनेन्द्रगढ़ में निकाली गई जागरूकता रैली

Vedant samachar
4 Min Read

एमसीबी/25 नवम्बर 2025/ महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आज मनेन्द्रगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक प्रभावशाली और भव्य जागरूकता रैली निकाली गई, जिसने पूरे शहर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति सशक्त संदेश दिया। मिशन शक्ति हब, मिशन वात्सल्य और सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएँ और महिला समूह शामिल हुए, जिनके नारों ने वातावरण को जागरूकता और संकल्प से भर दिया।

मिशन शक्ति की अगुवाई में मनेन्द्रगढ़ ने दिखाया एकजुट संकल्प
रैली का आयोजन जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर के निर्देश और जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला मिशन समन्वयक (मिशन शक्ति हब) की अगुवाई में किया गया। परियोजना मनेन्द्रगढ़ और राम टेक चन्द्र जैन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ महिलाओं के प्रति होने वाली किसी भी तरह की हिंसा को समाप्त करने की अपील की। यह रैली 20 नवम्बर 2025 से 10 दिसम्बर 2025 तक चलने वाले ‘‘16 दिवसीय सक्रिय अभियान’’ का हिस्सा है, जिसे महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन दिवस से मानव अधिकार दिवस तक विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है।

लिंग आधारित हिंसा रोकथाम की दिशा में बड़ा जनजागरण अभियान
रैली का मुख्य उद्देश्य जिले में महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उनके हितों से जुड़े कानूनों को जन-जन तक पहुँचाना है। अभियान के तहत बाल विवाह की रोकथाम, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, पॉक्सो एक्ट, डीवी एक्ट, और बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही भारतीय न्याय संहिता 2023 तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के तहत महिलाओं व बालिकाओं को प्राप्त विशेष अधिकारों को भी बताया गया।
मिशन शक्ति के अंतर्गत उपलब्ध सेवाएँ-वन स्टॉप सेंटर, जिला महिला सशक्तिकरण हब, शक्ति सदन, सखी निवास आदि के बारे में भी नागरिकों को अवगत कराया गया ताकि कोई भी पीड़ित महिला सहायता के बिना न रहे। महिला उत्पीड़न इलेक्ट्रॉनिक शिकायत पोर्टल ‘‘सी-बॉक्स’’, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जैसी आपातकालीन सेवाओं के उपयोग के लिए भी व्यापक रूप से लोगों को प्रेरित किया गया।

छात्राओं की भागीदारी बनी रैली की शक्ति, पूरे शहर में गूंजा ‘‘हिंसा मुक्त समाज’’ का संदेश
रैली में शामिल छात्राओं ने हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाई और नारे लगाकर समाज को जागरूक होने का आह्वान किया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती इस रैली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और प्रत्येक नागरिक को यह संदेश दिया कि महिलाओं के प्रति हिंसा किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।
मनेन्द्रगढ़ की सड़कों पर आज जिस दृढ़ता और एकजुटता का प्रदर्शन हुआ, उसने स्पष्ट कर दिया कि जिले के लोग हिंसा मुक्त, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण निर्माण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। यह रैली सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में व्यापक मानसिक बदलाव की दिशा में मजबूत कदम साबित हुई।

Share This Article