Vedant Samachar

एक प्रण जल संरक्षण टैगलाइन के साथ अमृत सरोवर तटों पर मनाया जाएगा संविधान दिवस

Vedant samachar
2 Min Read

कोरिया 25 नवम्बर 2025/ भारत द्वारा लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत संविधान अंगीकृत करने की महत्वपूर्ण तिथी कल 26 नवम्बर को कोरिया जिले में भी संविधान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी की सहभागिता के साथ सामूहिक तौर पर देश के संविधान की उद्देशिका का वाचन कर अलग अलग स्थानों पर जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य कार्यालय से पत्र के अनुक्रम में कलेक्टर एवं जिला समन्वयक कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने जिले के सभी अमृत सरोवर तटों पर पर भी संविधान दिवस मनाए जाने के निर्देश दिए है। संविधान दिवस पर सभी जगहों पर एक प्रण जल संरक्षण टैगलाइन का उपयोग करते हुए संविधान दिवस मनाया जाएगा।

विभिन्न गतिविधियों का आयोजनजिले के सभी अमृत सरोवर तटों पर संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की उद्देशिका का वाचन किया जाएगा। संविधान में दर्ज मौलिक कर्तव्यों, अधिकारों व मूल्यों पर चर्चा के साथ, अमृत सरोवर की साफ सफाई हेतु एवं जल संरक्षण में जनसहभागिता के लिए शपथ कार्यक्रम, अमृत सरोवर परिसर में साफ-सफाई की गतिविधियां के साथ गाद निकासी जैसी गतिविधियों को आयोजित किया जाएगा। इसके साथ संविधान दिवस के अवसर पर पेड़ लगाते हुए पर्यावरण संरक्षण पर बात होगी।

अमृत सरोवर तटों पर संविधान दिवस आयोजित किए जाने हेतु स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अलावा ग्राम पंचायत के वरिष्ठ नागरिक, स्व सहायता समूह की महिलाएं, स्कूली बच्चे, युवाओं के साथ पंजीकृत श्रमिकों को भी शामिल किया जाएगा। इनके साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर ज्यादा से ज्यादा लोगों की सहभागिता से देश के संविधान के बारे में जानकारी का प्रेषण किया जाएगा।

जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देशानुसार अमृत सरोवर तटों पर सामुदायिक सहभागिता से उल्लासपूर्वक संविधान दिवस मनाए जाने के लिए समस्त जनपद पंचायतों को पत्र जारी कर दिए गए हैं।

Share This Article