Vedant Samachar

प्राचार्य पी.एल. टंडन के सुपुत्र आकाश टंडन ने CGPSC में पाया सफलता, बने वाणिज्यिक कर निरीक्षक

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,22 नवम्बर (वेदांत समाचार)। जिले के आकाश कुमार टंडन ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने परिवार तथा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय कोरकोमा के प्राचार्य पी.एल. टंडन के सुपुत्र आकाश ने अपने दूसरे ही प्रयास में यह उपलब्धि प्राप्त की और वाणिज्यिक कर निरीक्षक (Commercial Tax Inspector) के पद पर चयनित हुए हैं। उनके चयन की जानकारी मिलते ही परिवार व परिचितों में खुशी की लहर दौड़ गई।

आकाश कुमार टंडन की प्रारंभिक शिक्षा बीकन इंग्लिश मीडियम स्कूल, रजगामार से हुई। इसके बाद कक्षा 6वीं से 12वीं तक की पढ़ाई निर्मला कॉन्वेंट स्कूल, कोसाबाड़ी कोरबा में पूरी की। आगे उन्होंने PET परीक्षा पास कर इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, भिलाई में प्रवेश लिया और बी.ई. इलेक्ट्रिकल शाखा में उत्तीर्ण हुए।

इंजीनियरिंग के बाद आकाश ने CGPSC की तैयारी बिलासपुर में शुरू की। उन्होंने बताया कि प्रथम प्रयास में वे इंटरव्यू तक पहुँचे थे लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाया। असफलता से सीख लेते हुए आकाश ने खुद को और अधिक अनुशासित करते हुए मेहनत जारी रखी। परिणामस्वरूप दूसरे प्रयास में न केवल इंटरव्यू क्लियर किया, बल्कि वाणिज्यिक कर निरीक्षक के पद पर सफलता प्राप्त की।

आकाश मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के जैजैपुर विकासखंड के ग्राम तुमीडीह के निवासी हैं। चयन की खबर मिलते ही उनके घर में उल्लास का माहौल बन गया। आकाश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बड़ी बहन, गुरुजनों और मित्रों को दिया।

उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्रवासियों में भी गर्व और खुशी का वातावरण है।

Share This Article