Vedant Samachar

दिल्ली से बिहार तक शीतलहर का अलर्ट, पहाड़ी राज्यों में भी बदला मौसम…

Vedant Samachar
2 Min Read

नई दिल्ली ,21नवंबर (वेदांत समाचार)। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश से लेकर बिहार तक कई राज्य में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में मौसम बदल रहा है। कुछ पर्वतीय इलाकों में मौसम विभाग ने बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के मुताबिक, अगले सप्ताह तक बर्फबारी में तेजी आएगी। वहीं, जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई और घाटी वाले इलाकों में भी बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के अंत तक उत्तर प्रदेश के कई शहर कोहरे की चादर से ढंक सकते हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिम मध्य प्रदेश में हल्का कोहरा दिखाई दे रहा है। बिहार में भी ठंड ने तेवर दिखाई देते लगे हैं।

वहीं मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, अगले 2–3 दिनों के दौरान मध्य भारत, महाराष्ट्र और गुजरात में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है। पूर्वी भारत में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़त संभव है, इसके बाद तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।

अगले 24 घंटे के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है। केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम में हल्की बारिश का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी में एक शक्तिशाली सिस्टम बन रहा है। इससे तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश और ओडिशा पर चक्रवाती तूफान का खतरा दिखाई दे रहा है। यह सिस्टम पहले पहले डिप्रेशन बनेगा और फिर तेजी से चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। यह 27 से 29 नवंबर के बीच तट से टकरा सकता है।

Share This Article