कोरबा, 26 जुलाई (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 22 जुलाई 2025 को एक महिला की जली हुई अवस्था में लाश मिलने के मामले में पुलिस ने 4 दिन बाद खुलासा किया है। इस मामले में मृतका का पति अभिनेक लदेर ही निकला कातिल।
वैवाहिक विवाद के चलते रची गई थी हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, आरोपी अभिनेक कुमार लदेर ने वैवाहिक विवाद के चलते हत्या की साजिश रची थी। दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, जिसमें बच्चों की देखभाल को लेकर भी मतभेद शामिल थे।
दिनांक 22 जुलाई 2025 को सुबह 9 से 10 बजे के मध्य पति-पत्नी के बीच पिक्चर देखने की बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और शव को जलाने की कोशिश की।
जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस द्वारा शव का पंचनामा, स्थल निरीक्षण, वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर विस्तृत जांच की गई। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में महिला की मौत हत्या के बाद जलाने से होना पाया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा – दर्री के नेतृत्व में 5 टीम गठित कर जांच की गई। साइबर तकनीकी साक्ष्य, 65 सीसीटीवी फुटेज और लगातार पूछताछ के बाद पति अभिनेक कुमार लदेर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर जांच को अंतिम रूप दिया जा रहा है।



