[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

ब्रेकिंग न्यूज़ : नया मोबाइल लेने की जिद, हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक 35 फीट ऊंचाई पर 2 घंटे चला ड्रामा करंट सप्लाई बंद होने से बाल-बाल बचा…

जांजगीर-चांपा,20नवंबर (वेदांत समाचार) । जांजगीर-चांपा जिले के सत्तिगुडी गांव में एक युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। घटना 19 नवंबर दोपहर की है। करण कंवर (24) रोजी-मजदूरी का काम करता है। उसके बड़े भाई ने मोबाइल फोन ले लिया था जिससे वह नाराज होकर टावर पर चढ़ गया और नया एंड्रॉयड फोन लेने की जिद करने लगा।

मामला पंतोरा चौकी क्षेत्र का है। युवक को टावर पर चढ़े देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि टावर में बिजली प्रवाहित नहीं हो रही थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पंतोरा चौकी प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि करण कंवर रोजी-मजदूरी का काम करता है। वह अपने बड़े भाई द्वारा मोबाइल फोन ले जाने से नाराज था। 19 नवंबर को काम से लौटने के बाद उसे अपना मोबाइल नहीं मिला, जिस पर उसने अपनी मां से नया मोबाइल दिलाने की जिद की।

दोपहर करीब 3 बजे करण घर से निकलकर गांव से गुजर रहे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। वह लगभग 30 से 35 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर नया मोबाइल दिलाने की मांग करने लगा।

दरअसल, उसका बड़ा भाई उसका मोबाइल लेकर दूसरे राज्य कमाने चला गया था, जिससे करण काफी परेशान था। करीब दो घंटे तक पुलिस और ग्रामीणों ने युवक को समझाइश दी।

उसे नया मोबाइल दिलाने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद वह टावर से नीचे उतरने को राजी हो गया। पुलिस की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया।

[metaslider id="133"]