Vedant Samachar

भारत–दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा वनडे 3 दिसंबर को रायपुर में, टिकट बिक्री 22 नवंबर से शुरू

Vedant samachar
3 Min Read

रायपुर, 18 नवंबर (वेदांत समाचार)। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज के बाद वनडे मुकाबलों की शुरुआत 18 नवंबर से होने जा रही है। श्रृंखला का दूसरा वनडे 03 दिसंबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर 1:30 बजे से खेला जाएगा। टॉस दोपहर 1 बजे होगा।

छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वी. मोहन दास ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि मैच को लेकर सभी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 22 नवंबर से शुरू होगी, जबकि ऑफलाइन काउंटर 24 नवंबर से बूढ़ापारा इनडोर स्टेडियम में खुलेंगे।

अधिकारियों के अनुसार स्टूडेंट्स अपनी स्कूल आईडी दिखाकर 800 रुपये में टिकट खरीद सकेंगे, जो पिछली बार भारत–न्यूजीलैंड मुकाबले में 1000 रुपये थे। आम दर्शकों के लिए गैलरी टिकट 1500, 2500, 3000 और 3500 रुपये में उपलब्ध होंगी। इसके अलावा सिल्वर पास 6000 रुपये, गोल्ड पास 8000 रुपये और प्लेटिनम पास 10,000 रुपये में रखे गए हैं। कॉर्पोरेट बॉक्स की टिकट 20,000 रुपये होगी। ऑनलाइन टिकट www.ticketgini.in पर बुक किए जा सकेंगे।

सीएससीए ने स्टेडियम में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की गति तेज कर दी है। ग्राउंड में घास कटाई, पिच तैयारियां, नई एलईडी स्क्रीन की स्थापना, टूटी कुर्सियों की मरम्मत और रंगरोगन का काम किया जा रहा है। करीब 60,000 दर्शकों की क्षमता वाला यह स्टेडियम देश का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट मैदान है और भविष्य में बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की संभावनाओं को मजबूत करता है।

विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर 03 दिसंबर को संघ द्वारा दिव्यांग बच्चों को नि:शुल्क मैच दिखाया जाएगा। उनके लिए विशेष बस व्यवस्था भी की जाएगी, जिसे सामाजिक संवेदनशीलता की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

रायपुर में यह दूसरा वनडे इंटरनेशनल मुकाबला होगा। इससे पहले 2023 में भारत–न्यूजीलैंड वनडे और 2024 में भारत–ऑस्ट्रेलिया टी-20 मुकाबला भी यहां आयोजित हो चुका है। स्टेडियम आईपीएल और लीजेंड्स क्रिकेट टूर्नामेंट की मेजबानी भी कर चुका है।

भारत का संभावित वनडे स्क्वाड
केएल राहुल (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), विराट कोहली, रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, यशस्वी जायसवाल, नीतीश कुमार रेड्डी, ध्रुव जुरेल।

वनडे और टी-20 सीरीज का शेड्यूल
भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज का पहला मैच 30 नवंबर 2025 को रांची में होगा। दूसरा वनडे 03 दिसंबर को रायपुर में और तीसरा वनडे 06 दिसंबर को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा।

वनडे के बाद टी-20 सीरीज की शुरुआत 09 दिसंबर को कटक से होगी। दूसरा टी-20 11 दिसंबर को मुल्लांपुर, तीसरा 14 दिसंबर को धर्मशाला, चौथा 17 दिसंबर को लखनऊ और पांचवां व अंतिम टी-20 19 दिसंबर 2025 को अहमदाबाद में खेला जाएगा।

Share This Article