Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा पुलिस ने दीपावली अवकाश में स्कूल में हुई चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार – चार नाबालिग शामिल

Vedant samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा, 15 नवंबर 2025। जिले के थाना चांपा क्षेत्र स्थित ग्राम सिवनी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में दीपावली अवकाश के दौरान हुई चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस चोरी में चार नाबालिग शामिल पाए गए हैं, जबकि चोरी का सामान खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर आज भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 18 अक्टूबर 2025 को स्कूल बंद रहने के दौरान अज्ञात चोरों ने कक्षाओं से कुल छह पंखे, कंप्यूटर कक्ष की वायरिंग तथा नल तोड़कर चोरी कर लिया था। चोरी गई सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹13,200 आंकी गई। शिकायत पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 495/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जांच तेज की गई। SDOP चांपा यदुमणि सिदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर चार नाबालिगों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात कबूली और बताया कि चोरी का सामान उन्होंने गुलशन केवट को 1,400 रुपये में बेचा था।

इसके बाद पुलिस ने गुलशन केवट से पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि वह पिछले 2–3 वर्षों से लोमस देवांगन के कबाड़ व्यवसाय में कार्यरत है और उसी के कहने पर पुराना सामान खरीदता है। गुलशन ने यह भी बताया कि 20 अक्टूबर 2025 को नाबालिगों द्वारा लाए गए चार पंखे एवं लगभग 500 ग्राम तांबे का तार उसने लोमस देवांगन के लिए खरीदा था।

दोनों आरोपियों के बयान के आधार पर चोरी गई सामग्री का कुछ हिस्सा बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने चोरी का माल बेईमानी से खरीदने वाले आरोपियों लोमस देवांगन (42 वर्ष) एवं गुलशन केवट (23 वर्ष) दोनों निवासी सिवनी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, शामिल चार नाबालिगों को किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई को टीम के समन्वित प्रयास का परिणाम बताया और थाना चांपा पुलिस के योगदान की सराहना की है।

Share This Article