Vedant Samachar

कीव पर भीषण हमला: 430 ड्रोनों और 18 मिसाइलों से दहला यूक्रेन, इतने लोगों की मौत…

Vedant Samachar
3 Min Read

यूक्रेन,15नवंबर : यूक्रेन की राजधानी कीव एक बार फिर तबाह कर देने वाले रूसी हमलों से दहल उठी। बता दें कि रूस ने करीब 430 ड्रोन और 18 मिसाइलें दागकर राजधानी सहित कई शहरों को निशाना बनाया। इस बड़े हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के हुए इन तेज धमाकों की आवाजें पूरी रात शहर में गूंजती रहीं और कई आवासीय इमारतों में आग लग गई। कई अपार्टमेंटों में बड़े छेद हो गए और मलबा चारों ओर बिखर गया।

गर्भवती महिला सहित कई लोग घायल

यूक्रेनी अधिकारियों ने पुष्टि की कि घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि रूस की यह कार्रवाई “नागरिकों को अधिकतम नुकसान पहुँचाने की सोची-समझी रणनीति” का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हमला मुख्य रूप से कीव को निशाना बनाकर किया गया, जहां मिसाइलें और ड्रोनों ने ऊंची रिहायशी इमारतों को भेद दिया।

रूस ने सैन्य ठिकानों पर हमले की बात मानी

जेलेंस्की के आरोपों के बाद रूस के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि उसका निशाना केवल यूक्रेन की सैन्य-औद्योगिक और ऊर्जा संबंधी सुविधाएं थीं। मॉस्को ने सामान्य आवासीय क्षेत्रों पर हमला करने से इनकार किया और यूक्रेन द्वारा लगाए गए नागरिक क्षति के आरोपों को गलत बताया।

यह हमला लगभग तीन हफ्तों में कीव पर हुआ सबसे बड़ा हवाई हमला माना जा रहा है। हाल के महीनों में रूस ने अधिकतर हमले यूक्रेन की बिजली व्यवस्था को लक्ष्य बनाकर किए हैं।

युक्रेन की जवाबी कार्रवाई- 14 मिसाइलें गिराईं

जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेनी बलों ने अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से 14 रूसी मिसाइलों को सफलतापूर्वक मार गिराया। उन्होंने पश्चिमी देशों से और अधिक उन्नत रक्षा प्रणालियाँ प्रदान करने की अपील भी की।

बर्लिन में हुई यूरोपीय रक्षा अधिकारियों की बैठक में यूक्रेन को समर्थन जारी रखने का आश्वासन दिया गया। इस बैठक में यूक्रेन के रक्षा मंत्री डेनिस शम्याल ने वर्चुअली हिस्सा लिया। हमले में कीव स्थित अज़रबैजान दूतावास को भी एक इस्कंदर मिसाइल के टुकड़ों से नुकसान पहुंचा, जिसे अज़रबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने “पूरी तरह अस्वीकार्य” कहा।

ओडेसा और खार्किव भी बने निशाना

दक्षिणी शहर ओडेसा में रूसी ड्रोनों ने चोर्नोमोर्स्क में एक व्यस्त सड़क पर हमला कर दो लोगों की जान ले ली। यहां 19 महीने की एक बच्ची समेत 11 लोग घायल हुए। हमले के बाद कई जगहों से आग और धुएं के उठते गुबार देखे गए।

Share This Article