हिमाचल ,15नवंबर : कुल्लू जिले में देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब नोहांडा पंचायत के शांत थाच क्षेत्र में स्थित एक मकान आग की लपटों में घिरकर पूरी तरह नष्ट हो गया। मिली जानकारी के अनुसार यह ढाई मंज़िला घर प्रेम चंद (पुत्र डोलू) का बताया जा रहा है। बता दें कि देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और पलभर में मेहनत की वर्षों की कमाई राख में तब्दील हो गई। शुरुआती मूल्यांकन में लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
कुल्लू में भीषण आग से मकान खाक
शांत थाच एक कम आबादी वाला इलाका है, जहाँ घर एक-दूसरे से काफी दूरी पर बने हुए हैं। आग लगने के दौरान आसपास के लोगों तक सूचना पहुँचने में देर हो गई। जब ग्रामीण घटनास्थल तक पहुँचे, तब तक आग घर के अधिकतर हिस्सों को घेर चुकी थी। स्थानीय लोगों के प्रयासों के बावजूद घर को बचाया नहीं जा सका।
मौके पर पहुँची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम
घटना की सूचना मिलते ही बंजार से दमकल दल, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुँची और राहत कार्य शुरू किए। बंजार के तहसीलदार ने बताया कि प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से तत्काल सहायता के रूप में 10,000 रुपये की नकद राशि प्रदान कर दी गई है। इसके साथ ही उन्हें तिरपाल, कम्बल और राशन सहित आवश्यक वस्तुएँ भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि संकट की घड़ी में परिवार को मूलभूत जरूरतों के लिए परेशान न होना पड़े।
प्रशासन और ग्रामीणों ने बढ़ाया मदद का हाथ
अग्निकांड के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। राजस्व विभाग इसकी विस्तृत जाँच कर रहा है। पंचायत प्रधान ने आश्वासन दिया कि वह व्यक्तिगत रूप से उपायुक्त कुल्लू से मिलकर परिवार के लिए स्थायी सहायता और पुनर्वास की मांग करेंगे, ताकि प्रभावित परिवार जल्द से जल्द सामान्य जीवन में लौट सके।



