भटगांव पुलिस पर दबाव डालकर प्रदर्शन रोकने का आरोप
बिलाईगढ़,14नवंबर (वेदांत समाचार) । असहाय करन पटेल, जो राज्यपाल से इच्छा मृत्यु और न्याय की मांग कर रहे हैं, ने भटगांव पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। करन पटेल का कहना है कि वे थाना के सामने शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने दबाव डालकर उन्हें रोक दिया और प्रदर्शन के लिए लगाया गया टेंट उखाड़कर फेंक दिया।
करन पटेल ने बताया कि प्रदर्शन की अनुमति के लिए उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा था। इसके बाद उन्होंने थाना के बाहर टेंट लगवाया और प्रदर्शन के लिए घर से निकले, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें रास्ते में ही रोककर वापस भेज दिया।
पुलिस ने दी समझाइश, निष्पक्ष जांच का आश्वासन
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची। अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने करन पटेल को समझाइश दी और उनकी शिकायत पर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के तहत बात की गई है।
युवा कांग्रेस नेताओं ने भी उठाया सवाल
उधर, पीड़ित से मिलने पहुंचे युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव भूपेंद्र विक्रांत साहू ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि असहाय व्यक्ति की आवाज दबाना न तो उचित है और न ही लोकतांत्रिक। उन्होंने शासन, प्रशासन और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की।
अब बड़ा सवाल: क्या करन पटेल को मिलेगा न्याय?
मामले ने स्थानीय स्तर पर कानून व्यवस्था को लेकर कई प्रश्न खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन करन पटेल की शिकायतों पर कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है और क्या पीड़ित को न्याय मिल पाएगा।



