Vedant Samachar

Korba News : देश की एकता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर कोरबा में “यूनिटी मार्च” का भव्य आयोजन

Vedant Samachar
4 Min Read

कोरबा,13नवंबर (वेदांत समाचार) । देश के पहले उपप्रधानमंत्री और भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज गुरुवार को कोरबा नगर में “यूनिटी मार्च” का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन 15 ब्लॉक स्थित सरदार पटेल सामुदायिक भवन से प्रारंभ होकर कोसाबाड़ी चौक स्थित निर्मला कान्वेंट स्कूल परिसर में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि और छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महापौर संजू देवी राजपूत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कलेक्टर अजीत वसंत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे शहर में भारत माता की जय, सरदार पटेल अमर रहें और वंदे मातरम् के उद्घोष गूंजते रहे।

यूनिटी मार्च सरदार पटेल परिसर से प्रारंभ होकर ट्रांसपोर्ट नगर चौक, सीएसईबी पूर्व चौक, अटल परिसर-विवेकानंद उद्यान, घंटाघर चौक, सुभाष चौक होते हुए कोसाबाड़ी चौक तक निकाली गई। रैली के दौरान अतिथियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यात्रा के मार्ग में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कोसाबाड़ी में आयोजित समापन कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, कुशलता और दूरदृष्टि से देश की अनेक रियासतों को भारत में विलय कर राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोया। उन्होंने बताया कि रायगढ़ रियासत देश की पहली रियासत थी जिसने स्वतंत्रता के बाद भारत संघ में सम्मिलित होने का निर्णय लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की दिशा में हो रहे प्रयासों की सराहना करते हुए आम नागरिकों से देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए योगदान देने का आह्वान किया।

महापौर संजू देवी राजपूत और गोपाल मोदी ने भी सरदार पटेल को नमन करते हुए देश को आत्मनिर्भर और स्वदेशी मार्ग पर आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि भारत सरकार और राज्य शासन के निर्देश पर आयोजित यूनिटी मार्च में नागरिकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के प्रशासनिक कौशल ने भारत की मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था की नींव रखी और उनकी नीतियां आज भी देश को मार्गदर्शन प्रदान कर रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने नशामुक्त भारत और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दिलाया। उन्होंने देश में निर्मित उत्पादों के उपयोग और आत्मनिर्भरता की दिशा में योगदान देने का आग्रह किया। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन के साथ देशभक्ति का वातावरण और भी गूंजायमान हुआ।

इस अवसर पर शहीद वीर जवानों के परिजनों को अतिथियों द्वारा शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सरदार पटेल परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सांसद सिंह ने बादाम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंत्री देवांगन, विधायक पटेल और अन्य अतिथियों ने भी पौधरोपण किया।

लगभग सात किलोमीटर लंबी इस रैली में शहरवासियों का उत्साह देखने लायक था। स्कूली विद्यार्थियों ने देश के महानायकों की वेशभूषा धारण कर देशभक्ति का प्रदर्शन किया। मार्ग में सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुतियों ने आयोजन को उत्सवमय बना दिया। विद्यार्थियों द्वारा रंगोली और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया गया।

इस अवसर पर सभापति नगर पालिक निगम नूतन सिंह ठाकुर, डीएफओ कोरबा प्रेमलता यादव, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, पार्षदगण, सामाजिक संगठन, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article