धमतरी, 13 नवम्बर 2025। धमतरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए धान चोरी के एक मामले का खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया धान, एक ई-रिक्शा और मोबाइल फोन सहित कुल 4 लाख 12 हजार रुपये का माल बरामद किया है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां 11 नवम्बर की रात आर.एल. एग्रोटेक, नया बस स्टैंड के पीछे स्थित प्रार्थी विजय लालवानी के धान गोदाम से अज्ञात चोरों ने 11 बोरी (लगभग 40 किलो प्रति बोरी) आर.बी. धान चोरी कर लिया था। चोरी गए धान की कीमत लगभग 12 हजार रुपये बताई गई। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/25 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 3(5) भा.दं.सं. के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लगातार पतासाजी की। इसी दौरान खबर मिली कि सोरिद नगर सब्जी मंडी के पास एक व्यक्ति धान बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वहां पहुंचकर संदेही हर्ष मानिकपुरी पिता अशोक मानिकपुरी (उम्र 22 वर्ष, निवासी बठेना वार्ड, धमतरी) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को कबूल किया। उसने बताया कि अपने साथी दुष्यंत साहू (निवासी स्टेशनपारा, धमतरी) के साथ मिलकर बस स्टैंड के पीछे स्थित गोदाम की खिड़की की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां से 11 बोरी धान चोरी कर अपने ई-रिक्शा (क्रमांक CG-05-AR-7019) में भरकर सोरिद नगर सब्जी मंडी के पास छुपा दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया धान, ई-रिक्शा और एक आईफोन 16 प्रो मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त सामान की कुल कीमत 4 लाख 12 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस के इस त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी गया माल बरामद हुआ बल्कि शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में भी मदद मिली है।



