कोरबा,12अगस्त (वेदांत समाचार)। भारत के स्वाधीनता दिवस की 78वीं वर्षगांठ 15 अगस्त को धूमधाम से मनाई जाएगी। इससे पहले स्वाधीनता के उपलक्ष में कई प्रकार के आयोजन कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किया जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में मंगलवार को पौड़ी उपरोड़ा के तुमान गांव से बाइक रैली निकाली गई। जनप्रतिनिधि और नागरिक इस रैली में शामिल हुए। उनके साथ बैनर पोस्टर मौजूद थे जिनके माध्यम से स्वाधीनता और नागरिकों के अधिकार व कर्तव्य पर फोकस किया गया।
भारत माता के जय घोष सभी रास्तों पर घूमते रहे जहां से रैली गूजरी। रैली में शामिल सभी लोग देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहे। उन्होंने अपने साथ कुछ स्टीकर भी रखे थे जिनका वितरण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को किया गया। यात्रा के मार्ग पर कई जगह ग्रामीणों के द्वारा स्वाधीनता रैली का स्वागत किया गया। विकासखंड मुख्यालय पौड़ी पहुंचकर रैली का समापन हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में स्वाधीनता की जानकारी सभी को होना जरूरी है लेकिन इस बात पर भी हमें ध्यान देना है कि समय के साथ-साथ गुलामी वाली मानसिकता से बाहर निकले। वास्तविक अर्थों में हमें यह जानने की आवश्यकता है कि स्वाधीनता के संग्राम में बहुसंख्यक लोगों ने हिस्सा लिया था और उनकी सक्रिय भूमिका के कारण, उनके सर्वस्व बलिदान के कारण आजादी प्राप्त हुई। ऐसी सभी ज्ञात अज्ञात वीर जवानों का स्मरण करना समसामयिक दौर में जरूरी हो जाता है। वक्ताओं ने कहा की मातृभूमि की रक्षा करने के लिए जितने लोगों ने उसे समय अपना सब कुछ न्योछावर किया, वह हमारे आदर्श होने ही चाहिए।



