Vedant Samachar

अमेरिका में खत्म हुआ इतिहास का सबसे लंबा सरकारी शटडाउन, संसद ने पास किया बिल

Vedant Samachar
3 Min Read

अमेरिका,13 नवंबर : अमेरिका में 43 दिन से जारी सरकारी शटडाउन आखिरकार खत्म हो गया है। अमेरिकी संसद (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) ने एक स्पेंडिंग बिल (खर्च विधेयक) को मंजूरी दे दी है, जिससे सरकार के कामकाज को दोबारा शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।

यह बिल संसद में 222-209 मतों से पारित हुआ। अब इसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर के लिए भेजा गया है। ट्रंप ने पहले ही संकेत दिए हैं कि वे इस पर 12 नवंबर की रात हस्ताक्षर कर देंगे। उनके साइन करते ही यह कानून बन जाएगा और अमेरिका का अब तक का सबसे लंबा सरकारी शटडाउन आधिकारिक रूप से खत्म हो जाएगा।

रिपब्लिकन और डेमोक्रेट के बीच समझौता

ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन के पास अकेले बिल पास कराने के लिए पर्याप्त संख्या नहीं थी। उन्हें विपक्षी डेमोक्रेट पार्टी के 6 सांसदों का समर्थन मिला। दोनों पार्टियों के बीच हुए समझौते के अनुसार, जिन सरकारी कर्मचारियों की छंटनी (फर्लो) की गई थी, उन्हें वापस नौकरी में लिया जाएगा। सभी संघीय कर्मचारियों को उनका बकाया वेतन दिया जाएगा। यह बिल जनवरी 2026 तक के लिए सरकार को फंड मुहैया कराएगा। उसके बाद फिर से नए बजट के लिए दोनों पार्टियों के बीच बातचीत और राजनीतिक खींचतान की संभावना है।

अब फिर से शुरू होगा सरकारी कामकाज

इस बिल के पास होते ही अमेरिका में सरकारी दफ्तरों, एजेंसियों और सेवाओं का कामकाज फिर से शुरू हो जाएगा। नई फंडिंग की समयसीमा 30 जनवरी तय की गई है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ प्रमुख सामाजिक और सहायता कार्यक्रम जैसे SNAP (फूड असिस्टेंस प्रोग्राम) WIC (महिलाओं और बच्चों के लिए पोषण योजना) और वेटरन्स सेवाएं (सैनिकों के लिए सेवाएं) इन सबके लिए पहले से ही 2026 के वित्तीय वर्ष के अंत तक फंड की व्यवस्था की जा चुकी है।

शटडाउन का क्या पड़ा असर?

इस 43 दिन लंबे शटडाउन के दौरान हजारों सरकारी कर्मचारी बिना वेतन के घर बैठे रहे। कई सार्वजनिक सेवाएं बाधित हुईं, पासपोर्ट और वीज़ा प्रोसेसिंग जैसी सेवाओं में देरी हुई और देश की आर्थिक गतिविधियों पर भी असर पड़ा। अब सरकार के दोबारा शुरू होने से राहत की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Article