Vedant Samachar

धमतरी में पुलिस ने किया यातायात एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Vedant Samachar
2 Min Read

0 स्वरोजगार प्रशिक्षणार्थियों को दी गई ट्रैफिक नियमों और साइबर सुरक्षा की जानकारी

धमतरी,12नवंबर (वेदांत समाचार) । धमतरी पुलिस द्वारा आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बड़ौदा आरसेटी (ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान) धमतरी में यातायात एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें यातायात प्रभारी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हितग्राहियों को सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों के पालन और साइबर ठगी से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि सड़क पर चलते समय सतर्क रहना, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करना जीवन रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। साथ ही मोबाइल फोन पर आने वाले संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी गई ताकि साइबर अपराधों से बचा जा सके। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि यदि किसी प्रकार की ठगी या धोखाधड़ी की घटना होती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर या नजदीकी थाना में सूचना दें।

कार्यक्रम में मौजूद प्रशिक्षुओं ने धमतरी पुलिस के इस पहल की सराहना की और नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
धमतरी पुलिस का कहना है कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों में सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाई जा रही है, जिससे समाज में “सुरक्षित धमतरी, जागरूक नागरिक” की भावना को और मजबूत किया जा सके।

धमतरी पुलिस ने यह संदेश दिया कि वह नागरिकों की सुरक्षा और सहयोग के लिए सदैव तत्पर है।

Share This Article