बोले: साजिश रचने वालों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा
नई दिल्ली,12नवंबर। राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार धमाके के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। भूटान यात्रा से लौटने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री सीधे अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली।
अस्पताल में डॉक्टरों और अधिकारियों ने उन्हें घायलों के इलाज और उनकी गंभीरता के स्तर के बारे में विस्तार से बताया। प्रधानमंत्री ने घायलों से बातचीत कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि सरकार उनके परिवारों की हर संभव सहायता करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा: “दिल्ली में हुए बम विस्फोट में घायल हुए लोगों से मिलने एलएनजेपी अस्पताल गया। सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस कायराना हमले के पीछे जो भी हैं, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
राजधानी में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
सोमवार शाम लाल किले के पास हुए कार विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 20 से अधिक घायल हैं। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के इलाकों में कंपन महसूस किए गए। घटना के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं।
गृह मंत्री और सीएम भी पहुंचे
इससे पहले सोमवार देर रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी एलएनजेपी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया था। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली और कहा कि इस हमले के दोषियों को जल्द बेनकाब किया जाएगा। गृह मंत्री धमाके के कुछ ही घंटों बाद घटनास्थल का निरीक्षण भी कर चुके हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और कहा कि राज्य सरकार सभी पीड़ितों के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी।
भाजपा नेताओं ने पीएम मोदी की तत्परता की सराहना की
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘एक्स’ पर लिखा: एक ऐसा नेता जो चौबीसों घंटे राष्ट्रहित में समर्पित रहता है। भूटान से लौटते ही पीएम मोदी सीधे एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की, यह उनके संवेदनशील नेतृत्व का प्रमाण है।
वहीं प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा: प्रधानमंत्री का संकल्प स्पष्ट है — इस हमले के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें किसी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।
जांच एजेंसियां सक्रिय
दिल्ली पुलिस, एनआईए और आईबी की टीमें घटनास्थल पर लगातार जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि विस्फोट में अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल किया गया था। जांच एजेंसियों को संदेह है कि यह हमला हाल ही में फरीदाबाद में गिरफ्तार किए गए आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा हो सकता है।
इस हमले ने राजधानी समेत पूरे देश को झकझोर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह की सक्रियता के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां पूरी ताकत से जांच में जुटी हैं। सरकार ने साफ कहा है — भारत किसी भी साजिश का जवाब सख्ती से देगा।



