भिलाई,12नवंबर (वेदांत समाचार) । आईआईटी में पढ़ाई कर रहे नर्मदापुरम के छात्र की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह आईआईटी भिलाई में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के बीटेक फर्स्ट सेमेस्टर का स्टूडेंट था। इसी साल उसने एडमिशन लिया था। मामला जेवरा पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे सौमिल साहू (18) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे सुपेला के स्पर्श अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मिर्गी का दौरा पड़ने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मूल रूप से नर्मदापुरम की साई दर्शन सोसाइटी निवासी सौमिल के पिता वीरेंद्र साहू सिक्योरिटी पेपर मील (SPM) में कर्मचारी हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन नर्मदापुरम से भिलाई पहुंचे। पीएम के बाद वो शव लेकर घर के लिए रवाना हो गए हैं।
दीपावली पर गया था घर
दरअसल, सौमिल साहू भिलाई शहर के शांति नगर में रहता था। दीपावली में वह घर भी गया था। पिता वीरेंद्र साहू ने बताया सोमवार को उसे बुखार आया था। मंगलवार सुबह भिलाई में रहने वाले भांजे दामाद को हमने उसे देखने के लिए भेजा। उसे स्पर्श अस्पताल सुपेला में भर्ती कराया था।
पिता के मुताबिक, बेटा पूरी तरह स्वस्थ था और उसे किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारण की अच्छी तरह से जांच होना जरूरी है।
आईआईटी मैनेजमेंट बोला- सामान्य मौत
आईआईटी भिलाई के प्रबंधन ने इस हादसे पर दुख जताया गया है। प्रबंधन ने इस मामले में किसी भी तरह के हादसे, विवाद और सुसाइड जैसी घटनाओं से साफ इनकार किया है। बता दें कि आईआईटी भिलाई का सोमवार को ही दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था।
पीएम के बाद शव को ले गए पेरेंट्स
जेवरा-चौकी प्रभारी खगेंद्र पठारे ने बताया कि मृतक छात्र का पोस्टमॉर्टम सुपेला अस्पताल में हो गया था। उसके परिजन को शव सौंप दिया गया है। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह पता चल सकेगी।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के आरोप के सवालों के जवाब में जेवर-सिरसा चौकी प्रभारी ने बताया कि अब तक किसी भी तरह की लिखित शिकायत परिजनों की ओर से पुलिस को नहीं दी गई है।



