BREAKING : वैक्सीनेशन ‘घर—घर दस्तक’ टीम को, युवक ने फरसा लेकर दौड़ाया, गिरफ्तार

राजनांदगांव। भारत में कोरोना वायरस की तीसरी लहर की आशंका के बीच भारत सरकार के निर्देश पर अब देशभर में ‘घर—घर दस्तक’ देकर वैक्सीनेशन अभियान को गति दी जा रही है। भारत में 100 करोड़ से ज्यादा लोगों को पहली डोज लग चुकी है, इसमें छत्तीसगढ़ का योगदान भी सराहनीय रहा है।

इस बीच बड़ी खबर छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी राजनांदगांव के खड़गांव थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी से सामने आ रही है, जहां पर वैक्सीनेशन के लिए पहुंची टीम को फरसा लेकर दौड़ाया गया है और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी गई है।

विदित है कि वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा करने के लिए टीम अब घर-घर दस्तक दे रही हैं। वहीं पूछकर टीका लगा रही है। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल के बाद अब वैक्सीनेशन कर्मचारियों के साथ मारपीट की खबरें भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि टीका लगाने की बात कहने पर एक शख्स को इतना गुस्सा आया कि फरसा लेकर वैक्सीनेशन कर्मचारी को दौड़ा दिया।

इस घटना से दहशत में आए कर्मचारी मौके से जान बचाकर लौट आए। वहीं आने पर पुलिस को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया।