महिला पंच की मिलीभगत से नाबालिग के साथ दुष्कर्म, CAF का जवान और साथ देने वाली पंच गिरफ्तार..

जगदलपुर19 नवंबर (वेदांत समाचार)। कांकेर जिले में नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले एक CAF (छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल) के कॉन्स्टेबल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके साथ इस मामले में शामिल एक महिला वार्ड पंच भी गिरफ्तार हुई है। गुरुवार को दोनों को न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी जवान उत्तरप्रदेश का रहने वाला है, जो कांकेर जिले के भीरागांव के CAF कैंप में पदस्थ था। मामला जिले के दुर्गुकोंदल थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, वार्ड पंच सविता टांडिया ने अक्टूबर माह में गांव की ही एक नाबालिग को अपने घर पर बुलाया था। CAF जवान राजकुमार सिंह भी वहां पहुंचा था। जिसके बाद सविता ने नाबालिग को CAF जवान को सौंप दिया। आरोपी जवान ने नाबालिग के साथ अलग-अलग समय पर 2 बार दुष्कर्म किया। जवान ने नाबालिग को इस बारे में किसी को कुछ न कहने की धमकी भी दी थी। सविता ने भी बच्ची को डराया कि अगर उसने कुछ भी किया तो उसकी और घरवालों की बदनामी हो जाएगी और उन्हें गांव से निकाल दिया जाएगा।

इस घटना के बाद नाबालिग डरी सहमी हुई थी। घटना के कुछ दिन बाद अपने साथ हुई इस दरिंदगी की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने समाज के लोगों के साथ आकर दुर्गुकोंदल थाना में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।