Vedant Samachar

ट्रेलर चालक से लूटपाट मामले में त्वरित कार्रवाई, आरोपित गिरफ्तार

Vedant samachar
3 Min Read
Oplus_16908288

रायगढ़, 22 मार्च (वेदांत समाचार)। ट्रेलर चालक से लूटपाट की गंभीर घटना में खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से लूट की रकम का हिस्सा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मिथुन कुमार यादव (25 वर्ष), निवासी ग्राम काटेबंध, जिला गया (बिहार), जो पेशे से ट्रेलर चालक है, ने 21 मार्च 2026 को थाना खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 27 फरवरी 2026 की रात करीब 2:30 बजे, वह अडानी माइंस तमनार से रॉबर्टसन की ओर कोयला लेकर जा रहा था। इसी दौरान रॉबर्टसन से लगभग 2 किलोमीटर पहले एक व्यक्ति ने मोटरसाइकिल से उसका रास्ता रोक लिया।

आरोपी ने चालक को ट्रेलर से नीचे खींचकर मारपीट की और उसके पास रखे 10 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपी ने उसे जबरन अपने साथ ले जाकर सड़क किनारे एक बाड़ी में रातभर बंधक बनाकर रखा।

अगली सुबह आरोपी पीड़ित को ग्राम चपले ले गया और कियोस्क शाखा से पैसे निकालने के लिए धमकाया। डर के कारण पीड़ित ने 32 हजार रुपये निकालकर आरोपी को दे दिए। इसी बीच चालक ने अपने वाहन मालिक को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मामले की रिपोर्ट दर्ज होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के गांव बड़े डूमरपाली में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से खर्च के बाद शेष 3,200 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी की पहचान सोमनाथ डनसेना उर्फ मालिकराम डनसेना (27 वर्ष), निवासी बड़े डूमरपाली, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। वह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।

पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में की गई। टीम में एएसआई उमाशंकर धृतांत, प्रधान आरक्षक संजय मिंज, महेन्द्र खरे सहित थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि आदतन बदमाशों पर पुलिस की लगातार नजर है और लूटपाट जैसे गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article