आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर मिला युवक का शव, नक्सलियों के जन अदालत लगाकर मारने की आशंका, हत्यारोपी था युवक; एक साल में 9 हत्याएं…

कोंटा18 नवंबर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश बार्डर पर गुरुवार सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला है। बताया जा रहा है कि युवक की हत्या नक्सलियों ने जन अदालत लगाकर की है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मारा गया युवक हत्या का आरोपी था। उसके ऊपर केस दर्ज है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गांव वाले शव उठाने नहीं दे रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, मेहता पंचायत और एटेपाका मंडल के सीमांत प्रांत में युवक का शव पड़ा था। इस पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी आंध्र प्रदेश पुलिस को दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो पता चला कि मरने वाला माड़वी राजकुमार था। जमीन विवाद में उसके ऊपर हत्या का एक मामला दर्ज है। ऐसे में आपसी रंजिश में भी हत्या की आशंका जताई जा रही है।

वहीं यह भी कहा जा रहा है कि जमीन विवाद में हत्या करने के कारण नक्सलियों ने जन अदालत लगाकर उसे मौत की सजा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक इस संबंध में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ सकी है। बार्डर इलाका होने का कारण ज्यादा संदेह नक्सलियों पर ही जा रहा है। पुलिस अफसरों की ओर से अभी इस बारे में कुछ नहीं बताया गया है।

जन अदालत लगाकर एक साल में 9 हत्याएं
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने पिछले एक साल के दौरान जन अदालत लगाकर 9 से ज्यादा लोगों की हत्या की है। ज्यादातर पर पुलिस का मुखबिर होने का संदेह जताया था।

  • 12 नंवबर 2021 : कांकेर में नक्सलियों ने जन अदालत लगाकर अपने ही साथी का गला रेत दिया था।
  • 17 नवंबर 2020 को नक्सलियों ने सुकमा के जंगलों में जन अदालत लगाकर 2 युवकों की हत्या की थी।
  • 21 अक्टूबर 2020 को नक्सलियों ने बीजापुर में एक आरक्षक को अगवा कर जन अदालत लगा उसकी हत्या की थी।
  • साल 2020 में ही नक्सलियों ने नारायणपुर के अबूझमाड़ में 2 युवकों पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगा कर गला रेत का हत्या की थी।
  • साल 2020 में कांकेर जिले में नक्सलियों ने जन अदालत लगा कर एक पूर्व सरपंच की हत्या की थी।
  • साल 2020 में कांकेर जिले में एक दिव्यांग युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका था। उस पर भी पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया गया था।
  • साल 2020 में सुकमा जिले में ही नक्सलियों ने एक ग्रामीण पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगा कर जन अदालत लगा उसकी हत्या कर दी थी।