रायपुर,09 नवम्बर 2025। छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल को पुलिस गिरफ्तार करेगी। रायपुर एसएसपी ने आज इस मामले में आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि बघेल के खिलाफ दर्ज प्रकरण में जल्द कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, अमित बघेल की तत्काल गिरफ्तारी नहीं होने पर विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी। इस आंदोलन में सर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया है।
ज्ञात हो कि हाल ही में रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति खंडित किए जाने की घटना के बाद अमित बघेल ने विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था —
> “पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अग्रसेन महाराज की मूर्ति क्यों नहीं टूटती है? मछली वाले भगवान के बारे में पाकिस्तानी सिंधी क्या जानते हैं? उन्होंने हमारी छत्तीसगढ़ी महतारी की गर्दन काटकर अपमान किया है।”
इस बयान के बाद प्रदेशभर में आक्रोश फैल गया है और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बघेल की गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है। पुलिस प्रशासन ने स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखी है।



