इस्तांबुल,08नवंबर : तुर्की के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में शनिवार सुबह एक परफ्यूम डिपो में लगी भीषण आग ने हड़कंप मचा दिया। आपको बता दें कि यह हादसा कोकेली प्रांत में हुआ, जहां आग की लपटों ने पूरे वेयरहाउस को अपनी चपेट में ले लिया। इस दिल दहला देने वाली घटना में छह लोगों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इलाके में मची अफरा-तफरी
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, आग स्थानीय समयानुसार सुबह करीब नौ बजे लगी। आग लगने से पहले कई जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
टीम घटना स्थल पर जांच कर रही है – गवर्नर इल्हामी
कोकेली प्रांत के गवर्नर इल्हामी अक्तास ने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, परफ्यूम में मौजूद रासायनिक पदार्थों की वजह से आग तेजी से फैली और विस्फोट हुए। गवर्नर ने बताया कि विशेषज्ञों की एक टीम घटना स्थल पर जांच कर रही है ताकि आग के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।



